लोटन में चाइनीज मांझे पर पुलिस सख्त, दुकानदारों को दी कड़ी चेतावनी

दैनिक बुद्ध का संदेश
लोटन (सिद्धार्थनगर)।सीमावर्ती क्षेत्र लोटन में जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। रविवार को कोतवाली लोटन के थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सरोज ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।इस दौरान थानाध्यक्ष ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी प्रतिबंधित नायलॉन या कांच युक्त मांझा (चाइनीज मांझा) बेचते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा। साथ ही दुकान का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की जा सकती है।थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सरोज ने आम लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि चाइनीज मांझा अब सिर्फ पतंग उड़ाने का साधन नहीं, बल्कि जानलेवा बन चुका है। आए दिन राहगीरों और बाइक सवारों के गले कटने की घटनाएं सामने आती हैं, वहीं पक्षी भी इसका शिकार होकर अपनी जान गंवा रहे हैं।उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को पतंगबाजी के लिए केवल सूती धागे (सद्दी) ही उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही पुलिस ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि इस खतरनाक मांझे के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।




