विश्व क्षयरोग दिवस पर सबलापुर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, ‘टीबी मुक्त भारत’ का लिया संकल्प

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। विश्व क्षयरोग दिवस के अवसर पर मंगलवार को डॉ. सर्वेश कुमार शुक्ला ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सबलापुर में भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए क्षयरोग (टीबी) के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। पूरे परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता का माहौल रहा और “टीबी मुक्त भारत” का संकल्प गूंजता रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना तथा समय पर जांच और नियमित उपचार के महत्व को रेखांकित करना रहा। इस दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” और “खांसी तीन हफ्ते से ज्यादा, जांच कराना है जरूरी” जैसे प्रभावी नारों के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पीपीटी प्रजेंटेशन के जरिए छात्रों ने टीबी के कारण, लक्षण, बचाव और सरकार द्वारा संचालित निःशुल्क उपचार योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में फैली गलत धारणाओं और लापरवाही के दुष्परिणामों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर नर्सिंग प्राचार्या डॉ. के. रोजा रानी ने कहा कि क्षयरोग एक संक्रामक बीमारी जरूर है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित दवा से इसे पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और उपचार में लापरवाही न बरतें। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को “टीबी मुक्त भारत” बनाने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान एसोसिएट प्रोफेसर संगीता पाल, असिस्टेंट प्रोफेसर फूलचंद्र डावरिया सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




