गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

आरएसएस ने भारतीय नववर्ष व डा. हेडगेवार की जयंती मनाया

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर। भारतीय नववर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती पर नौगढ़ नगर द्वारा रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज परिसर में वर्ष प्रतिपदा उत्सव मनाया गया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए आरएसएस के विभाग प्रचारक राजीव नयन ने कहा कि भारतीय नववर्ष का आरंभ चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से होता है, इसे सृष्टि के प्रारंभ का द्योतक माना गया है। यह केवल तिथि परिवर्तन का संकेत नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति, नवसृजन का जीवंत प्रतीक है। नई पीढ़ी को भारतीय नववर्ष का महत्व नहीं पता है, इसलिए यह विदेशी नववर्ष को धूमधाम से मनाते हैं। हमारे व्रत-त्योहार, विवाह, गृहप्रवेश एवं अनेक शुभ कार्य हिंदू पंचांग के अनुसार ही होते हैं, इसलिए पंचांग के माह-तिथि की समझ आवश्यक है। बताया कि आरएसएस के संस्थापक डॉ. हेडगेवार का जन्म भारतीय नववर्ष के दिन हुआ था और बचपन से ही उनमें प्रखर राष्ट्रभक्ति की भावना निहित थी। अंग्रेजी शासन के अत्याचार एवं हिंदू समाज की दयनीय स्थिति को देखकर उन्होंने चिकित्सकीय शिक्षा पूर्ण करने के बाद राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया और वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। कहा कि संघ ने व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया है। वर्तमान में पूरे विश्व में संघर्ष और अस्थिरता का दौर है, ऐसे में विश्व की आशा भारत व सनातन संस्कृति, वसुधैव कुटुम्बकम् व सर्वे भवन्तु सुखिनः के मूल मंत्र पर टिक गई है। भारत की यह अवधारणा ही वैश्विक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने पंच परिवर्तन के सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी एवं नागरिक कर्तव्यबोध के माध्यम से भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने का संकल्प दोहराया। भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर व दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुरुआत हुआ। नगर कार्यवाह अभय ने अतिथि परिचय कराया व सह जिला कार्यवाह मनोज ने एकल गीत गाया। इस दौरान नगर संघचालक रणजीत, जिला प्रचारक विशाल, नगर प्रचारक अरुणेश, प्रचार प्रमुख रूपेश सिंह, सांसद जगदंबिका पाल, जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, मुरलीधर, फतेबहादुर सिंह, सतीश रस्तोगी, नंदलाल रस्तोगी, विकास पांडेय, माहेश्वर पांडेय, सत्यव्रत, राजेश त्रिपाठी, वशिष्ठ, आर्चिष्मान, एसपी अग्रवाल, अमन, योगेश, सुरेश रैना आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!