उसका में भी चोरों की हुई धमक

उसका बाजार। उसका थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसा शुकुरुल्लाह स्थित एक मकान में चोरों ने रविवार की रात शटर का ताला तोड़कर जेवर, कुछ नगदी, कपड़ा आदि गृह उपयोगी सामान से भरे बॉक्स को चुरा लिया। चोरों ने इतने शातिर ढंग से चोरी की घटना को अंजाम दिया कि घर में सो रहे लोगों को इसकी भनक नही लगी, घटना को अंजाम देकर चोर आसानी से फरार हो गए। पीड़ित चांद खान ने बताया कि रात में जब वह जगे तो घर का फाटक खुला देखा, शक के आधार पर कमरे में घुसे तो वहां से दो बॉक्स जिसमें जेवर, कपड़ा और कुछ नगद रुपए रखे थे गायब मिला। इसकी जानकारी रात में उन्होंने पुलिस को दी। चोरी की घटना के बारे में जानकारी जुटाकर पुलिस वापस लौट आई। सुबह लोग जब बाहर निकले तो गांव के पश्चिम बभनी लंगड़ी के तरफ जाने वाले रास्ते पर दो बॉक्स मिला जिसका कुंडा टूटा था और कुछ सामान भी बिखरा पड़ा था। इस संबंध में एसओ हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित चांद खान ने अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नही दी है, फिलहाल पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।




