बहराइच।जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों की अनदेखी करने वाले अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शर्मा के निर्देश पर सोमवार को विशेष टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक छापेमारी कर अवैध व मानक विहीन अस्पतालों पर कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान मानकों की अनदेखी और बिना उचित अनुमति के संचालित हो रहे तीन अस्पतालों को मौके पर ही सील कर दिया गया, जबकि कई अन्य अस्पतालों को गंभीर अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी किया गया।
इन अस्पतालों पर लगा ताला (सीलबंद):
कृष्णा हॉस्पिटल, मिहीपुरवा – मानकों की भारी अनदेखी पाए जाने पर सील
नव भारत हॉस्पिटल, मिहीपुरवा – बिना निर्धारित मापदंडों के संचालन पर कार्रवाई
तारा देवी विश्वेश्वर दयाल हॉस्पिटल, नयापुरवा – अवैध संचालन मिलने पर तत्काल प्रभाव से सील
इन अस्पतालों को जारी हुआ नोटिस:
सेवा सिटी हॉस्पिटल, मिहीपुरवा – बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की NOC न होने पर स्पष्टीकरण तलब
न्यू इंडिया हॉस्पिटल – निरीक्षण में LAMA (Leaving Against Medical Advice) से संबंधित अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शर्मा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जनपद में बिना पंजीकरण और मानकों के चल रहे किसी भी क्लीनिक या नर्सिंग होम को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध अस्पताल संचालकों और झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मचा हुआ है।





