बजाज चीनी मिल नहीं कर रहा गन्ने का भुगतान, किसानों ने एसडीएम को दिया ज्ञापन

दैनिक बुद्ध का संदेश
उतरौला/बलरामपुर। इटई मैदा स्थित चीनी मिल में गन्ना किसानों के बकाया मूल्य का भुगतान दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि उक्त चीनी मिल ने किसानों के खरीदे गए गन्ने का केवल दस दिनो के गन्ने के मूल्यों का भुगतान किया है। बकाया मूल्य दिलाने को लेकर 22 फरवरी को चीनी मिल गेट पर किसानों ने धरना प्रदर्शन भी किया था इस पर तहसीलदार द्वारा दो दिन के अंदर भुगतान दिलाने का आश्वासन दिया गया था। 27 फरवरी तक किसानों के खाते में खरीदे गए गन्ने के मूल्य का भुगतान नहीं हो पाया है। किसानों ने चेतावनी दी अगर सात दिन के भीतर बकाया मूल्य का भुगतान नहीं किया गया तो व्यापक रूप से आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में जीवन लाल यादव परवेज आलम बछराज वर्मा बडेलाल पांडे आदि लोग शामिल थे।



