संदिग्ध परिस्थिति मैं लटकता हुआ मिला युवक का शव

दैनिक बुद्ध का संदेश
बस्ती/रुधौली। मुकामी थाना क्षेत्र के कुचुरुआ गाँव के बाहर एक युवक का शव पेड़ से लटका पाया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची रुधौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाई में जुटी है। कहा जाता है कि युवक कुछ दिन पूर्व घर आया था।मिली जानकारी के अनुसार रविवार सबेरे कुचुरुआ गाँव के एक वृद्ध व्यक्ति शौच के लिए गाँव से बाहर गये थे, उन्हें एक पेड़ पर एक व्यक्ति की लाश लटकी दिखी। नजदीक जाकर देखा तो लाश एक युवक की थी जो उसी गाँव का रहने वाला था। उस बुजुर्ग व्यक्ति ने घर लौट कर इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। मौत की सूचना मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया, आनन फानन में परिजन घटना स्थल पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रुधौली पुलिस ने लाश को नीचे उतरवाया, तथा आवश्यक कार्यवाई के उपरान्त शव का पंचनामा कर विच्छेदन हेतु भेजा गया। घटना के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है जो साक्ष्य जुटाने और मौत के कारणों को बारे में जानकारी जुटाने में जुटी थी।मृतक 21 वर्षीय प्रिन्स कुमार के पिता गिरीश लाल ने बताया कि वह दिल्ली में रह कर मजदूरी का काम करता था, और कुछ समय पूर्व वह घर आया था। उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया इसकी कोई जानकारी किसी को नही हो पायी। मृतक प्रिंस चार भाई बहनो में सबसे बड़ा था जो घर चलाने में अपने मजदूर पिता का साथ देता था। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दूबे ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लगता है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले कुछ नही कहना जल्दबाजी होगी।




