टीइटी अनिवार्यता के विरुद्ध एक्स प्लेटफार्म पर चला अभियान , हुआ ट्रेंड

दैनिक बुद्ध का संदेश
सिद्धार्थनगर रू टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के आह्वान पर जनपद के शिक्षकों ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जस्टिस फॉर टीचर्स हैशटैग के साथ व्यापक डिजिटल अभियान चलाया। दावा किया गया कि यह हैशटैग कई घंटों तक ट्रेंडिंग सूची में नंबर एक पर बना रहा। अभियान का केंद्र बिंदु टीईटी अनिवार्यता को लेकर असंतोष रहा।अभियान के दौरान हजारों शिक्षकों और समर्थकों ने अपने अनुभव, नियुक्ति वर्ष और सेवा अवधि साझा करते हुए सरकार से निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की। अपराह्न दो बजे से शिक्षकों ने हैशटैग के साथ पोस्ट व रिपोस्ट करना शुरू किया। पोस्ट के साथ वीडियो संदेश, पोस्टर और अपीलें साझा की गईं। शिक्षकों की सक्रियता का परिणाम रहा कि कुछ ही देर में नंबर एक पर ट्रेंड होने लगा। टीएफआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने बताया कि 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता लागू करना अनुचित है। शिक्षक सोमवार से बुधवार तक अपने बांए बांह में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। यदि सरकार ने कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो 26 फरवरी से देश के समस्त जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा।




