गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबहराइच

मनरेगा कार्य में सामने आया गंभीर अनियमितता का मामला

दैनिक बुद्ध का संदेश
बहराइच। जनपद के विकासखंड मिहींपुरवा अंतर्गत ग्राम पंचायत अडगोडवा में मनरेगा कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत सचिव दयानंद द्वारा मनरेगा कार्य ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है, जो कि योजना के नियमों के विरुद्ध है। बताया गया कि 8 फरवरी को मौके पर निरीक्षण के दौरान जहां मास्टर रोल में 80 मजदूर दर्ज थे, वहीं कार्यस्थल पर मात्र 4 मजदूर ही काम करते पाए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय जॉब कार्ड धारकों को काम नहीं दिया जा रहा है, जबकि बाहरी मजदूरों से कार्य कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इस पूरे मामले की जानकारी ग्राम प्रधान को नहीं है और संबंधित कार्यों में न तो उनकी सहमति ली गई है और न ही उनके हस्ताक्षर कराए गए हैं। मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण रोजगार योजना में अनियमितताओं से स्थानीय मजदूरों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसी सचिव से जुड़े अन्य मामलों में भी पूर्व में अनियमितताओं के आरोप सामने आ चुके हैं। गत दिनों ग्राम पंचायत कंजडवा में लगभग 90 श्रमिकों की फर्जी उपस्थिति दर्ज किए जाने का मामला प्रकाश में आया था। इसके अलावा ग्राम पंचायत अडगोडवा में भूमि समतलीकरण के नाम पर 100 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कराए जाने की शिकायत भी सामने आई थी। ग्रामीणों का कहना है कि समाचार प्रकाशित होने तथा उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा स्थानीय जॉब कार्ड धारकों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!