अनिल कुमार चौधरी को मिली खजनी की जिम्मेदारी

शोहरतगढ़़/सिद्धार्थनगर। अपना दल (एस) ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को गति देते हुए गोरखपुर मण्डल के विधानसभा प्रभारियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव (मुख्यालय) मुन्नर प्रजापति द्वारा हस्ताक्षरित इस सूची के अनुसार विधानसभा शोहरतगढ़ के पकड़ी बाजार निवासी और पार्टी के प्रदेश सचिव (शिक्षक मंच) अनिल कुमार चौधरी को गोरखपुर की खजनी विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति श्री चौधरी के लिए एक महत्वपूर्ण दायित्व है, जो अब तक अपने गृह क्षेत्र शोहरतगढ़ में सक्रिय रहे हैं। पार्टी के इस फैसले से यह संकेत मिलता है कि अपना दल (एस) 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की रणनीति पर काम कर रही है। अनिल कुमार चौधरी, जो शोहरतगढ़ क्षेत्र के पकड़ी गांव से ताल्लुक रखते हैं, को खजनी जैसी महत्वपूर्ण सीट की जिम्मेदारी सौंपा जाना उनके राजनीतिक कद को दर्शाता है। इस सूची में गोरखपुर मण्डल की कई अन्य सीटों के लिए भी प्रभारियों के नाम शामिल हैं। देवरिया की देवरिया विधानसभा से श्रीमती प्रीति, मैलानी रानी से ओम प्रकाश चौधरी, चौरीचौरा से विनोद पटेल और सहजनवा से सतीश सिंह को प्रभारी बनाया गया है। अनिल कुमार चौधरी ने अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी की शीर्ष नेता और केन्द्रीय मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल और प्रदेश अध्यक्ष जाटव आर0पी0 गौतम का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। श्री चौधरी ने आगे कहा कि वे खजनी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने और सामाजिक न्याय के सिद्धान्तों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।




