पूर्व विधायक सहित भाजपाइयों ने सुनी प्रधानमंत्री की मन की बात

दैनिक बुद्ध का संदेश
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। शाहपुर स्थित हिंदू भवन में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का लाइव प्रसारण को पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 130वें मन की बात एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए भारतीय सांस्कृतिक विरासत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भजन, कीर्तन और कथा-परंपरा हमारी संस्कृति की आत्मा हैं, जिनसे हर पीढ़ी भावनात्मक रूप से जुड़ी रही है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज की नई पीढ़ी भक्ति को अपने अनुभवों और आधुनिक जीवनशैली के साथ जोड़ते हुए एक नया स्वरूप दे रही है, जो भारतीय संस्कृति की निरंतरता का प्रतीक है।कार्यक्रम के उपरांत पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रत्येक क्षेत्र पर गहन दृष्टि रखते हुए राष्ट्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मन की बात जैसे कार्यक्रम आम नागरिकों को देश से जोड़ने, सकारात्मक सोच विकसित करने और सेवा भावना को सशक्त करने का कार्य कर रहे हैं।इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेते हुए उन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।वही भारतभारी में नगर पंचायत चेयरमैन चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू, बढ़नीचाफा में चेयरमैन धर्मराज वर्मा, बहेरिया में प्रधान संघ अध्यक्ष दिलीप उर्फ छोटे पाण्डेय, भड़रिया में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संतोष पासवान तथा डुमरियागंज में मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र त्रिपाठी ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान दीपेंद्र विक्रम सिंह, रविन्द्र शर्मा, नितिन श्रीवास्तव, विकास सिंह, विदेशी, अमन गौड़, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।




