सिसवा को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग ने पकड़ा जोर, व्यापार बंधु बैठक में डीएम को सौंपा गया ज्ञापन

दैनिक बुद्ध का संदेश
महराजगंज/सिसवा बाजार। जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में सिसवा बाजार को तहसील बनाए जाने की मांग प्रमुखता से उठी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलामहामंत्री प्रमोद जायसवाल ने जिलाधिकारी महराजगंज संतोष शर्मा को एक मांग पत्र सौंपते हुए सिसवा को तहसील का दर्जा दिलाने के लिए आधिकारिक सर्वे कराए जाने तथा उसकी रिपोर्ट माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन को भेजे जाने का आग्रह किया। ज्ञापन के माध्यम से प्रमोद जायसवाल ने बताया कि सिसवा बाजार के व्यापारी और आम नागरिक लंबे समय से तहसील बनाए जाने की मांग करते आ रहे हैं। इस मांग को लेकर समय-समय पर आंदोलन, ज्ञापन और वार्ताएं होती रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। हाल ही में 5 जनवरी 2026 को सिसवा बाजार में हुए ऐतिहासिक बंद को उन्होंने जनभावनाओं का स्पष्ट संकेत बताया। उन्होंने कहा कि सिसवा बाजार अब नगर पालिका परिषद का दर्जा प्राप्त कर चुका है और पूर्व में यह क्षेत्र जनपद का एक बड़ा व्यापारिक केंद्र और थोक मंडी के रूप में जाना जाता था। लेकिन तहसील जैसी प्रशासनिक सुविधाएं न होने के कारण व्यापारियों और आमजन को आज भी निचलौल अथवा अन्य तहसीलों का सहारा लेना पड़ता है। इससे समय, धन और श्रम की अनावश्यक हानि होती है। प्रमोद जायसवाल ने कहा कि आवागमन के सुलभ साधनों के अभाव और प्रशासनिक सुविधाएं न मिलने के कारण बाहरी व्यापारियों का सिसवा से मोहभंग हो रहा है। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापार पर पड़ रहा है। घरेलू व्यापार लगातार कमजोर हो रहा है और छोटे दुकानदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिसवा के व्यापारी वर्षों से राजनीतिक उपेक्षा का शिकार रहे हैं। चुनाव के समय तहसील बनाए जाने का वादा कर जनप्रतिनिधि भारी मतों से जीतते रहे, लेकिन बाद में इस मांग को अनसुना कर दिया गया। इससे व्यापारियों और आम जनता में आक्रोश व्याप्त है। जिलामहामंत्री ने जिलाधिकारी से अपेक्षा जताई कि प्रशासनिक स्तर पर सिसवा को तहसील बनाए जाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने अनुरोध किया कि एक आधिकारिक सर्वे कराकर उसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, जिससे सिसवा को तहसील बनाने की प्रक्रिया को गति मिल सके। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा, जिला उपाध्यक्ष जय प्रकाश भालोटिया, वैष्णो सोनी सहित व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी व व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में सिसवा को तहसील बनाए जाने की मांग का समर्थन किया।




