गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशसिद्धार्थनगर

डुमरियागंज में निकाली गई तिरंगा यात्रा, देशभक्ति नारों से गूंजा वातावरण

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत रविवार को डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के भनवापुर, डुमरियागंज और भारतभारी आदि तीनों मंडलों में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में हियुवा प्रभारी व भाजपा के पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यात्रा के दौरान जय हिंद, जय भारत, भारत माता की जय और मेरा तिरंगा मेरा अभिमान जैसे नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। भनवापुर मंडल में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ चौखड़ा चौराहा से हुआ, जो पंचायत भवन के सामने जाकर समाप्त हुई। वही डुमरियागंज मंडल में रामलीला मैदान से शुरू होकर, रोडवेज, मंदिर चौराहा, ब्लाक होते हुए बैदौला चौराहे तक यात्रा निकाली गई। वही भारतभारी मंडल में यात्रा अमौना पांडेय स्थित नगर पंचायत कार्यालय के पास से शुरू होकर बढ़नी चौराहे पर समापन भाषण के साथ संपन्न हुई। पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा, हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा जैसे कार्यक्रमों से देशवासियों में राष्ट्र प्रेम और आपसी सद्भावना की भावना जागृत होती है। हमारे लिए राष्ट्र सर्वाेपरि है और तिरंगा हमारा स्वाभिमान है। उन्होंने बताया कि देशभक्ति की जो भावना हमने इस यात्रा के माध्यम से देखी, वह सच में अद्भुत और गर्व से भर देने वाली रही। गगनचुंबी नारों के बीच जब भारत माता की जय और देश के शहीदों अमर रहें के जयकारे गूंजे, तो पूरा वातावरण देशप्रेम से सराबोर हो गया। बाईकों पर लहराते तिरंगे और हर उम्र के उत्साही युवाओं का जोश देखकर यह स्पष्ट हो गया कि हमारा देश अपने सपूतों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। ऐसे आयोजनों से न केवल युवाओं में देशभक्ति की भावना प्रबल होती है, बल्कि समाज में एकता और अखंडता का संदेश भी जाता है। भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनमानस की भारी भागीदारी के साथ यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे क्षेत्र में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। इस दौरान लवकुश ओझा, चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू चौधरी, धर्मराज वर्मा, दिलीप उर्फ छोटे पाण्डेय, लालजी शुक्ला, अमरेंद्र त्रिपाठी, अवधेश चौधरी, गणेश विश्वकर्मा, विनय पाठक, शत्रुहन सोनी, रविंद्र शर्मा, सोटा बाबा, राजन सिंह, रामचंद्र यादव, राजेश शर्मा, राममूरत यादव आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!