पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि किया गया अर्पित

दैनिक बुद्ध का सन्देश
बहराइच। केन्द्रीय व प्रदेशीय नेतृत्व के आह्वान पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन देवीपाटन मंडल के तत्वावधान में आज सादा जीवन, उच्च विचार,जय जवान जय किसान के जनक पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर गांधी की प्रतिमा पर एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कांग्रेस जनों के द्वारा सामूहिक उपवास रखकर मनरेगा बचाओ संग्राम की शुरुआत की गई। उक्त अवसर पर जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर तथा सम्पूर्ण योजना को समाप्त कर मोदी सरकार ने गोडसे वादी सोंच को उजागर किया है तथा अडानी अंबानी की जी हुजूरी में देश और समाज के गरीब मजदूर किसानों का भविष्य दांव पर लगा दिया है। कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि देश और समाज के कमजोर, बेसहारों को स्वावलंबी बनाने वाली मनरेगा को समाप्त करने जैसी मंशा को सेवादल हरगिज सफल न होने देगा। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन एवं सेवादल के प्रशिक्षक विनय सिंह ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री सादगी सत्य और साहस के अद्वितीय प्रतीक थे, गांधी और शास्त्री केवल राजनेता ही नहीं बल्कि नैतिक मूल्यों की जीवंत मिसाल थे, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बीच भी देश और समाज को आत्मनिर्भरता, अनुशासन और राष्ट्रीय स्वाभिमान का मार्ग दिखाया था। जय जवान जय किसान का उद्घोष आज भी भारत की आत्मा में गूंजता है,जो जवान की शौर्य गाथा तथा किसानों की मेहनत दोनों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि भीख नहीं रोजगार चाहिए,खैरात नहीं हक चाहिए। अभिषेक गुप्ता ने कहा कि रोजगार का अधिकार संविधान से मिला है कोई एहसान,दया और खैरात से नही। मालती पासवान ने कहा कि मनरेगा सिर्फ एक योजना नही बल्कि यह गरीबों की रोटी, मजदूरों का सम्मान तथा गांवों के लोकतंत्र की रीढ़ है। जिला महासचिव एवं मीडिया प्रभारी राशिद अली ने कहा कि मनरेगा पर हमला एक तरह से गरीबों की थाली पर हमला है और मजदूरों के आत्म सम्मान तथा भारतीय संविधान की आत्मा पर हमला है। सादात अहमद ने कहा कि जब काम छीना जाता है तो भूख बढ़ती है और जब मजदूरी रोकी जाती है तो अन्याय पलता है तथा गरीबों की आवाज दबाने से लोकतंत्र कमजोर होता है। विष्णु यादव ने कहा कि मनरेगा संग्राम में हम न चुप रहेंगे,न डरेंगे न ही झुकेंगे। हम संगठित होकर सड़क से लेकर संसद तक आवाज बुलंद करेंगे। अवधराम पासवान ने कहा मनरेगा बचेगा तो मजदूर और संविधान जीतेगा। हम कांग्रेस जन अपने अधिकार के लिए लड़ते रहेंगे। इन्द्र कुमार यादव ने कहा मनरेगा बचाओ संग्राम आगामी 28 फरवरी तक चलेगा जिसमें तमाम आन्दोलन, पदयात्रा और रैलियां की जावेगी।जिसकी सफलता के लिए हम कांग्रेस जनों को तन मन धन से जुटना होगा। इस दौरान मनीराम श्रीवास्तव, रवीन्द्र स्वरूप,राम नरेश यादव जगतराम चौहान नवल किशोर मिश्र गोरे,मनोरानी यादव राम गोपाल मिश्र,त्रिलोकी नाथ त्रिवेदी सतेन्द्र मोहन श्रीवास्तव राजन तिवारी सहित कई लोगों ने भाग लिया।


