शिक्षकों में अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है – शिक्षक विधायक

उसका बाजार/सिद्धार्थनगर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों का समायोजन, स्थानान्तरण के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। यह केवल अपनी कमियों को छिपाने के लिए किया जा रहा है। इससे शिक्षकों में अपने भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग के असंगत और मनमाने ढंग से सरप्लस शिक्षकों के स्थानान्तरण करने के विरोध में प्रेसवार्ता किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक जिलों में अधिकारियों की सह पर शोषण व उत्पीड़न चरम पर है। उन्होंने सत्र के बीच में स्थानान्तरण के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह प्रक्रिया सत्र आरम्भ के दौरान या ग्रीष्म कालीन छुट्टी के बीच किया जाना चाहिए। वर्तमान में जिन बन्द विद्यालय पर शिक्षकों की तैनाती की जायेगी, वहां छात्र नामांकन कैसे होगा, वहां आगे तीन माह तक शिक्षक कौन सा कार्य करेंगे यह समझ से दूर है। प्रदेश के अधिकारियों का यह तुगलकी फरमान है, इन्हें जमीनी हकीकत की जानकारी नही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री से पत्र लिखकर मध्य सत्र में बन्द और एकल विद्यालयों में समायोजन की प्रक्रिया को तत्काल बन्द करने की मांग करेंगे। शिक्षक विधायक ने इस समायोजन प्रक्रिया से प्रभावित होने वाले शिक्षकों को आश्वस्त किया है कि अगर फिर भी सरकार नही मानी तो प्रदेश का शिक्षक महासंघ इसका पुरजोर विरोध करेगा।




