एसएसबी ने 27 बोरी यूरिया व ऑटो जब्त कर एक तस्कर किया गिरफ्तार

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल को बड़ी सफलता मिली है। सीमा चौकी धनौरा के एसएसबी के जवानों ने नाका के दौरान 27 बोरी यूरिया खाद, एक ऑटो और एक तस्कर को पकड़ लिया। आपको बता दें कि एसएसबी को शनिवार को सूचना मिली थी कि धनौरा गांव के रास्ते सीमा स्तम्भ संख्या 558 के पास से भारत से नेपाल खाद की तस्करी की जा सकती है। सूचना के आधार पर सीमा चौकी धनौरा से विशेष नाका दल को सीमा स्तम्भ संख्या 558 के समीप तैनात किया गया।नाका के दौरान जवानों ने देखा कि एक ऑटो धनौरा गांव के रास्ते नेपाल की ओर जा रहा है। सन्देह होने पर नाका दल ने अन्तर्राष्ट्रीय सीमा से करीब 150 मीटर पहले ऑटो को रोकने का इशारा किया। नाका दल को देखते ही चालक ऑटो छोड़कर भागने लगा, लेकिन एसएसबी जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर ऑटो से कुल 27 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गये व्यक्ति ने अपना नाम अर्जुन (25 वर्ष), निवासी डोहरिया खुर्द, इटवा भाट, थाना शोहरतगढ़, जिला सिद्धार्थनगर बताया। उसने स्वीकार किया कि वह खाद को अधिक दाम पर बेचने के लिए नेपाल ले जा रहा था। खाद से सम्बन्धित कोई वैध दस्तावेज उसके पास नहीं मिला। इसके बाद एसएसबी ने बरामद यूरिया खाद, ऑटो और तस्कर को जब्त कर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के उपरान्त थाना शोहरतगढ़ पुलिस को सुपुर्द कर दिया।




