इकौना में बाइक और साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत दो गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती के थाना इकौना क्षेत्र में बुधवार को लमुईया पोखरा के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां बाइक और साइकिल की आमने-सामने टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मिश्री लाल और बाबू राम निवासी लांलेत नगर, थाना इकौना साइकिल से बालापुर की ओर से अपने घर लौट रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों साइकिल सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुँची एंबुलेंस टीम ने दोनों घायलों को इकौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएँ आम बात हैं। लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर गति नियंत्रण व सुरक्षा के उपाय करने की मांग की है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।




