कोहरा व खराब मौसम के मद्देनजर 108 व 102 एम्बुलेंस सेवाओं का निरीक्षण

बलरामपुर। आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी द्वारा कोहरा, खराब मौसम एवं संभावित सड़क दुर्घटनाओं के दृष्टिगत जनपद बलरामपुर में संचालित 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एम्बुलेंस में उपलब्ध जीवन रक्षक उपकरणों, दवाओं, ऑक्सीजन, स्ट्रेचर, फर्स्ट एड किट, कम्यूनिकेशन सिस्टम तथा स्टाफ की तत्परता एवं सजगता की जांच की गई। सीएमओ ने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल रिस्पॉन्स टाइम सुनिश्चित करते हुए मरीजों को समय से उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के समय जनपद की एम्बुलेंस सेवाएं संतोषजनक पाई गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि कोहरे एवं खराब मौसम के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, ऐसे में एम्बुलेंस सेवाओं की सक्रियता और तत्परता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी एम्बुलेंस कर्मी सतर्क रहें, वाहनों की नियमित जांच करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे अलर्ट मोड में कार्य करें, ताकि आमजन को त्वरित एवं सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।




