हिन्दू युवक की हत्या के विरोध में नपा बढ़नी में निकाला गया जन आक्रोश मार्च, फूंका गया पुतला

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। बांग्लादेश में एक हिन्दू युवक दीपू चन्द्र की हत्या के विरोध में चेयरमैन सुनील अग्रहरि के नेतृत्व में विभिन्न हिन्दूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नगर पंचायत बढ़नी कस्बे में जन आक्रोश मार्च निकालकर विरोध जताया। लोगों ने बांग्लादेश सरकार एवं प्रधानमंत्री मो0 युनूस का पुतला फूंका और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भारत शान्ति में विश्वास रखता है, लेकिन हिन्दुओं पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। बांग्लादेश में एक सनातनी हिन्दू युवक की हत्या की घटना के विरोध में मंगलवार को चेयरमैन सुनील अग्रहरि के नेतृत्व में हिन्दूवादी कार्यकर्ताओं ने बढ़नी कस्बे में जन आक्रोश मार्च निकालकर विरोध जताया। जो कस्बे के स्टेशन रोड, राम जानकी मंदिर मार्ग, श्रीरामलीला मैदान, चट्टी बाजार, आर्य समाज रोड़, गोला बाजार होते हुए माल गोदाम तिराहे पर पहुंचकर एक सभा में तब्दील हो गया। जहां पर लोगों ने बांग्लादेश सरकार एवं प्रधानमंत्री मो0 युनुस का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने रोहिंग्या मुसलमान भगाओ, देश बचाओ, हिन्दुओं की हत्या बन्द करो, मो0 यूनुस मुर्दाबाद, बांग्लादेशी हिन्दुओं का नरसंहार बन्द करो, भारत में भाईचारा, बांग्लादेश में क्यों हिन्दू बेचारा आदि नारेबाजी करते हुए घटना की कड़ी निन्दा की और बांग्लादेश सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नगर पंचायत बढ़नी बाजार के चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने कहा कि भारत शान्ति में विश्वास रखने वाला देश है, लेकिन निर्दाेष हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचारों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय समुदाय से भी इस मामले में संज्ञान लेने की अपील की। वहीं पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह उर्फ राजू शाही ने कहा कि बांग्लादेश में जिहादी तत्वों द्वारा एक हिंदू युवक दीपू चन्द्र की पेड़ से लटकाकर की गर्द हत्या मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां की सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रही है। वरिष्ठ भाजपा नेता त्रियुगी नाथ अग्रहरि ने चेतावनी देते हुए कहा कि सनातन समाज अब चुप नहीं रहेगा और यदि ऐसी घटनाएं जारी रहीं तो विश्व स्तर पर इसके खिलाफ आवाज बुलन्द की जायेगी। पूर्व भाजपा मण्डल अध्यक्ष सिद्धार्थ शंकर पाठक ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज में धर्म, जाति, पहचान आदि के आधार पर अत्याचार निन्दनीय है। बांग्लादेश में दीपू चन्द्र को उन लोगों ने धोखा दिया, जिनके साथ उसकी दोस्ती थी। इस दौरान गणेश अग्रहरि, सन्तोष आजमगढ़िया, अजय प्रताप यादव, ध्रुव चतुर्वेदी, अमित मौर्य, धीरेन्द्र प्रताप त्रिपाठी, प्रभात तिवारी, पाटेश्वरी अग्रहरि, रामवरन यादव, रमेश मौर्या, राजेश्वर सिंह, रामराज कन्नौजिया, आशाराम शर्मा, संजय मोदनवाल, बिल्लू सरदार, सूरज अग्रहरि, अभिषेक यादव, रामू, आशीष राज, संजय जायसवाल, अभिषेक प्रताप यादव, संजय मित्तल, हेमन्त अग्रहरि, सहित तमाम लोग मौजूद रहे।




