शादी का झांसा देकर महिला से युवक ने किया शारीरिक शोषण व लाखों की ठगी

बलरामपुर/उतरौला। महाराष्ट्र के मुमरा (मुंबई) निवासी एक महिला ने उतरौला कोतवाली क्षेत्र के निवासी नियाज़ अहमद कुरैशी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता शाहिदा बानो पत्नी नियाज़ अहमद कुरैशी के अनुसार वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात नियाज़ अहमद कुरैशी से हुई थी, जिसके बाद फरवरी 2025 से दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती रही। आरोप है कि अगस्त 2025 में उतरौला आने पर आरोपी ने आकाश गेस्ट हाउस में तथा बाद में अयोध्या, मुंबई और पुणे के विभिन्न होटलों में शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने खुद को उतरौला में करोड़ों की संपत्ति व जमीन का मालिक बताया और भविष्य में निकाह कर साथ रहने का वादा किया। इसी भरोसे में आकर पीड़िता ने नकद, बैंक ट्रांसफर और सोने के जेवर गिरवी रखकर कुल करीब 4.85 लाख से 4.95 लाख रुपये आरोपी व उसके परिजनों/सहयोगियों को दे दिए।महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी के सऊदी अरब जाने का किराया भी उसी ने वहन किया। बाद में आरोपी विदेश चला गया और वापस लौटने के बाद भी न तो निकाह किया और न ही रुपये लौटाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने रुपये और न्याय की मांग की तो आरोपी, उसके रिश्तेदारों व सहयोगियों ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। यहां तक कि महिला और उसके बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गईं। आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मियों के नाम लेकर भी उसे डराने का प्रयास किया गया। पीड़िता का कहना है कि वह भय और आतंक के माहौल में जी रही है और उसे जान-माल का गंभीर खतरा है। उसने थाना कोतवाली उतरौला में मामला दर्ज कर आरोपी नियाज़ अहमद कुरैशी एवं उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा सुरक्षा की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच व एफआईआर दर्ज किए जाने की प्रक्रिया पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




