बिजली बिलों में भारी छूट को लेकर शोहरतगढ़ में उमड़े बिजली उपभोक्ता

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश सरकार की विद्युत बिल माफी योजना का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र में आयोजित विशेष जागरूकता शिविरों के माध्यम से विभाग न केवल लोगों को योजना की जानकारी दे रहा है, बल्कि मौके पर ही पंजीकरण और बिल जमा करने की सुविधा भी प्रदान कर रहा है। वहीं एसडीओ विवेक कुमार ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को सरचार्ज (ब्याज) की पूरी माफी के साथ-साथ मूलधन में भी 25 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। यह उन बकायेदारों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जो लम्बे समय से अपना बिल जमा नहीं कर पाये थे। शोहरतगढ़़ के परसिया विद्युत सब स्टेशन से जुड़े नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के 1078 घरेलू उपभोक्ताओं ने अब तक पंजीकरण कराया। वहीं छूट योजना के अन्तर्गत अब तक 98 लाख रुपये का बकाया बिल जमा किया जा चुका है। एसडीओ विवेक कुमार और प्रभारी खण्ड अधिकारी प्रेम प्रकाश ने उपभोक्ताओं को आगाह किया है कि 30 दिसम्बर के बाद योजना का दूसरा चरण शुरू होगा, जिसमें मिलने वाली छूट का प्रतिशत कम हो सकता है। जो उपभोक्ता इस अवधि में अपने बकाये का निपटारा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ चेकिंग अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। वहीं जेई प्रदीप कुमार शुक्ला और उनकी टीम नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में जाकर लोगों को समय पर बिल जमा करने के लिए प्रेरित कर रही है। आपको बता दें कि इस योजना को गति देने के लिए इस शिविर में वरिष्ठ लिपिक दीपक चौरसिया, राधेश्याम, अवर अभियन्ता अंकुश सिंह और शुभम सहित विभाग के कई अन्य कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।




