पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों की गोष्ठी, 63 ग्राम प्रहरियों को वितरित की गई साइकिल

श्रावस्ती। जनपद में ग्रामीण स्तर पर कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सक्रिय एवं प्रभावी बनाए जाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के नेतृत्व में पुलिस लाइन परिसर में जनपद के ग्राम प्रहरियों की एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों को ग्राम सुरक्षा की पहली कड़ी बताते हुए उनके दायित्वों, जिम्मेदारियों एवं कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ग्राम क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें, असामाजिक तत्वों की समय से पुलिस को सूचना दें तथा ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिसदृजन सहयोग को मजबूत बनाएं। उन्होंने अनुशासन, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। गोष्ठी के उपरांत 63 ग्राम प्रहरियों को साइकिल का वितरण किया गया। साइकिल उपलब्ध कराए जाने से ग्राम प्रहरियों की कार्यक्षमता एवं गतिशीलता में वृद्धि होगी, जिससे वे अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से भ्रमण एवं निगरानी कर सकेंगे और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम, क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी साइबर आलोक कुमार सिंह, सीएफओ, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।




