शोहरतगढ़ कस्बे में आरएसएस के स्वयंसेवकों ने निकाली साइकिल यात्रा

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों ने मंगलवार को शोहरतगढ़ कस्बे में साइकिल यात्रा निकाल कर समुदाय को राष्ट्रवाद का संदेश दिया। यह साइकिल यात्रा कस्बे में संपंन होने वाले हिंदू सम्मेलन को लेकर निकाली गई। इस दौरान समाज को कार्यक्रम के लिए जागरूक करते हुए शामिल होने का अनुरोध किया गया। कस्बे के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर से शोहरतगढ़ नगर टोली के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ों स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। आगे-आगे वाद्य यंत्र पर संघ गीत चलता रहा। पीछे स्वयंसेवक साइकिल से नगर भ्रमण करते हुए राष्ट्रवाद, अनुशासन का संदेश देते रहे। यह साइकिल यात्रा विद्या मंदिर परिसर से निकलकर शिव बाबा मंदिर, गोलघर, नगर पंचायत कार्यालय, मुख्य मार्ग, सीएचसी परिसर, गड़ाकुल तिरंगा तिराहा, सीओ कार्यालय के पीछे से होकर मुख्य मार्ग, वापस तिरंगा तिराहा, श्रीराम जानकी मंदिर, पुलिस पीकेट, मोती नेता तिराहा, नीबी दोहनी, हरिजन बस्ती, सोनारी मोहल्ला, भारत माता चौक, गोलघर होते हुए वापस विद्यालय पहुंचकर संपंन हुई। इस दौरान जिला प्रचारक विशाल ने स्वयंसेवकों से कहा कि शताब्दी वर्ष में पूरे वर्ष कार्यक्रम हो रहा है। यह सभी कार्यक्रम स्वयंसेवकों की मेहनत व लगन के दम पर संपंन हो रहा है। संघ कार्य को ईश्वरीय कार्य मानकर आगे के कार्यक्रम को तन-मन से लगकर संपंन कराना सभी की जिम्मेदारी है। हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम की चिंता करते हुए सभी लोग योगदान देना सुनिश्चित करें। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, पंकज श्रीवास्तव, अखिलेश वर्मा, संतोष सिंह, रवि अग्रवाल, ऋषि वर्मा, श्यामू कसौधन, अरुणेश मणि त्रिपाठी, विनोद श्रीवास्तव, हर्षित शर्मा, आकाश कन्नौजिया आदि मौजूद रहें।



