मनैतापुर में अम्बेडकर मूर्ति खंडितः अज्ञात लोगों की करतूत से क्षेत्र में तनाव, पुलिस जांच में जुटी

संतकबीरनगर। बेलहर कला थाना क्षेत्र के मनैतापुर गांव में मंगलवार देर रात अज्ञात उपद्रवियों द्वारा बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की स्थापित मूर्ति को खंडित किए जाने की घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। गांव के समीप ग्राम पंचायत मनैतापुर और बालेपार की सीमा पर स्थित यह मूर्ति वर्षों पहले श्रद्धालुओं द्वारा स्थापित की गई थी, जहां प्रतिदिन ग्रामीण पूजा-अर्चना करते थे। लेकिन मंगलवार की रात किसी ने मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर लगभग पचास मीटर दूर फेंक दिया। साथ ही पास स्थित मंदिर का ताला भी तोड़ दिया गया।बुधवार की सुबह ग्रामीणों की नजर टूटी मूर्ति पर पड़ी, जिसके बाद पूरे गांव में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने कहा कि यह मूर्ति उनके धार्मिक और सामाजिक सम्मान से जुड़ी हुई थी, इसलिए इसकी तोड़फोड़ ने सभी को आहत किया है। उनका कहना है कि यह हरकत पूरी तरह योजनाबद्ध प्रतीत होती है, जिसका उद्देश्य गांव का माहौल खराब करना हो सकता है।घटना की सूचना मिलते ही बेलहर थाना प्रभारी अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो चुकी है और पुलिस हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मूर्ति खंडित किए जाने वाले अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि माहौल शांत रहे और किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे को रोका जा सके। अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि यह एक गंभीर प्रकरण है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर दंड दिया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।




