“संविधान दिवस” के अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की दिलाई गयी शपथ’

बहराइच। संविधान दिवस के अवसर पर जनपद बहराइच में सम्मानपूर्वक एवं गरिमामय तरीके से संविधान की शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बहराइच में पुलिस अधीक्षक जनपद बहराइच द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता बनाए रखने हेतु संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराते हुए संविधान की शपथ दिलाई गई । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा संविधान में निहित आदर्शों-न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्वकृके प्रति सभी को निष्ठापूर्वक कार्य करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही साथ रिज़र्व पुलिस लाइन, जनपद बहराइच में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक कुमार सिंह द्वारा पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा रखने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को हर परिस्थिति में बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया गया एवं सभी को संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन पवन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नारायण दत्त मिश्रा तथा अन्य समस्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।




