बलरामपुर में क्षतिग्रस्त सड़कों पर डीएम की सख्ती, जल्द होंगी नई सड़कें

बलरामपुर। बलरामपुर डीएम विपिन कुमार जैन ने नगर क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का किया निरीक्षण। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदाई संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी टूटी, खुदी और क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्रता से दुरुस्त कर नई सड़कें बनाई जाएं। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जहां भी सड़कें उखड़ी या जर्जर हैं, वहां नया निर्माण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही डीएम ने नगर पालिका क्षेत्र में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया और कार्यदाई संस्था को एक माह के भीतर प्लांट संचालन के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर फीडबैक लिया और कहा कि जनसुविधा से जुड़ी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा। इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, अपर अर्थ एवं संख्याधिकारी महेश चतुर्वेदी, विनय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



