भवानीगंज थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत

भवानीगंज/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र भवानीगंज के सिरसिया गांव में मंगलवार रात एक मजदूर की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा बीते 29 अक्टूबर रात करीब 9रू30 बजे हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि सिरसिया गांव में एक व्यक्ति ट्रैक्टर से गिरकर घायल हो गया है। ट्रैक्टर चालक उसे स्थानीय निजी चिकित्सक के पास ले गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान काले के रूप में हुई है, जो कसमरिया थाना सिंदुरिया जनपद महराजगंज का निवासी था। वह भवानीगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बढ़नी चाफा स्थित एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। घटना के समय वह ईंट की आपूर्ति करने ग्राम भड़रिया गया हुआ था। वापसी के दौरान वह ट्रैक्टर से गिर गया, जिससे उसे गम्भीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भवानीगंज थानाध्यक्ष चन्द्रकान्त पाण्डेय ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।




