छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर सरोवर का नगर पालिका अध्यक्ष ने किया निरीक्षण

बलरामपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने झारखंडी मंदिर स्थित सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने सरोवर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। नगर पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों को वैकल्पिक घाट तैयार करने,सरोवर और आसपास के रास्तों की विशेष साफ-सफाई,चूना छिड़काव तथा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वाेपरि है,इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ.धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगर पालिका के सभी संबंधित कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें,ताकि पूजा स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका ईओ लालचंद मौर्य,अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी.सिंह बैस,ठेकेदार आनन्द प्रसाद सिंह गुड्डू,जेई सिविल अवनीश यादव,जेई जल धर्मेन्द्र कुमार गौड़,सफाई इंस्पेक्टर दिवाकर पांडेय,रामनरायण राज्य सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



