गांव की समस्या गांव में ही समाधान करने की मंशा, केन्द्र प्रदेश सरकार का एक सराहनीय कदम है – जफर आलम

चिल्हियां/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड शोहरतगढ़ के ग्राम पंचायत रमवापुर खास में गांव की समस्या गांव में समाधान करने हेतु शुक्रवार को चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौपाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सचिव सन्दीप सरोज ने केन्द्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही ब्लॉक स्तरीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए ग्राम प्रधान एवं प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष जफर आलम ने कहा कि गांव की समस्या गांव में ही समाधान करने की मंशा, केन्द्र प्रदेश सरकार का एक सराहनीय कदम है। यदि ग्राम चौपाल कार्यक्रम में सभी विभाग के विभागीय अधिकारी आते तो कार्यक्रम को और प्रभावी बनाए जा सकता है। चौपाल कार्यक्रम में उन्होंने गांव के विकास से लेकर पराली ना जलाने को लेकर जागरूकता फैलाई। साथ ही यह भी कहा कि जब गांव का विकास होगा तभी देश का विकास होगा। साथ ही शासन द्वारा चलायी जा रही गरीब कल्याण व अन्य लाभकारी योजनाओं के बारें में जानकारी देते हुए सचिव ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। चौपाल कार्यक्रम में मुख्य रूप से राशनकार्ड, फैमिली आईडी, वृद्धावस्था, विधवा पेंशन व दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास योजना, मनरेगा योजना, किसान सम्मान निधि, व्यक्तिगत शौचालय, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सड़क दुर्घटना योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना आदि योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इस दौरान ग्राम प्रधान जफर आलम, सचिव सन्दीप सरोज, इन्द्रजीत पासवान आदि मौजूद रहें।




