गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशमहाराजगंज

भक्तिमय माहौल में सम्पन्न हुआ लक्ष्मीजी का भव्य विसर्जन शोभायात्रा

माँ लक्ष्मी की पालकी खींचती माताओं-बहनों की झांकी ने किया सबका मन मोहित, प्रशासन की कड़ी सुरक्षा में संपन्न हुआ कार्यक्रम

महराजगंज/सिसवा बाजार। दीपावली पर्व के उपरांत बृहस्पतिवार की शाम जिले के सिसवा बाजार में श्रद्धा और उल्लास से ओतप्रोत वातावरण में लगभग दो दर्जन से अधिक माँ लक्ष्मी की मूर्तियों का भव्य विसर्जन शोभायात्रा के रूप में सम्पन्न हुआ। जगह-जगह सजे दीप, फूलों की वर्षा और भक्तिमय संगीत के साथ नगर भक्तिरस से सराबोर हो उठा। लक्ष्मी पूजा मूर्तियां परम्परागत ढंग से इस्टेट प्रांगण में क्रमबद्ध होकर श्री रामजानकी मंदिर, अमरपुरवा, गोपालनगर, मिरशिकारी मोहल्ला, वनस्पति देवी स्थान, रोडवेज से गोपालनगर तिराहा, रेलवे स्टेशन रोड, फलमंडी, सायर देवी स्थान होते हुए देर शाम तक नारायणी नदी के खेखडा घाट पहुंची। शोभायात्रा में महिलाओं और युवतियों ने माँ लक्ष्मी की पालकी को खींचते हुए भक्तिमय गीतों पर डाँडिया नृत्य किया। उनके साथ युवा वर्ग और बच्चे जयकारों से पूरे मार्ग को गुंजायमान करते रहे कृ “जय माँ लक्ष्मी माता की जय” के नारों से पूरा माहौल धार्मिक उत्साह में डूब गया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। एक प्लाटून पीएसी के साथ चौक थाना, साइबर थाना, निचलौल थाना, बरगदवा थाना, सिंदुरिया थाना, अपराध शाखा निरीक्षक, ठूठीबारी कोतवाली, आईजीआरएस प्रभारी तथा केएचटी थाना की टीमें चाक-चौबंद रही। सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता एवं क्षेत्राधिकारी शिवप्रताप सिंह के हाथों में थी। कार्यक्रम स्थल और मार्ग पर महिला थानाध्यक्ष सरोजनी वर्मा, कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह, तथा सिसवा चौकी प्रभारी उमाकान्त सरोज के साथ पुलिस बल तैनात रहा।शोभायात्रा के दौरान साउंड सिस्टम से गूंजते भक्तिमय गीतों ने वातावरण को दिव्य बना दिया। श्रद्धालुओं ने पूरे अनुशासन और श्रद्धा के साथ माँ लक्ष्मी की प्रतिमाओं को लेकर नगर भ्रमण किया।देर शाम मंत्रोच्चार और आरती के पश्चात सभी प्रतिमाओं का खेखड़ा घाट पर विधिवत पूजन-अर्चन कर विसर्जन किया गया। विसर्जन के समय घाट पर ‘हर हर महादेव’ और ‘जय माँ लक्ष्मी’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। पूरे आयोजन में प्रशासनिक टीम और स्थानीय नागरिकों का बेहतर समन्वय देखने को मिला। शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए इस विसर्जन ने जिले में धार्मिक एकता और भक्ति भाव की मिसाल पेश की।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!