अनियंत्रित कार ने ली एक महिला की जान, दो घायल

श्रावस्ती। थाना क्षेत्र इकौना के अकबरपुर गौशाला के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक अनियंत्रित इलेक्ट्रॉनिक कार अचानक सड़क किनारे बैठे लोगों पर चढ़ गई। इस हादसे में एक वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 72 वर्षीय सुंदरपता देवी पत्नी बाबूराम गोस्वामी अपने परिजनों के साथ घर के सामने बैठी थीं। तभी एक इलेक्ट्रॉनिक मारुति कार तेज रफ्तार में आकर अनियंत्रित हो गई और सीधे उनके ऊपर चढ़ गई। हादसे में सुंदरपता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुग्रीव प्रसाद पुत्र बाबूराम समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने कार चालक को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और तुरंत थाना इकौना व डायल 112 टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इकौना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, और किसी तरह चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर पुलिस हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना भेजा, जहां डॉक्टरों ने एक की हालत नाजुक बताई और उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, वृद्ध महिला को मृत घोषित कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश व्याप्त है।



