लोकतंत्र रक्षक सेनानी मो0 इब्राहिम बाबा को अंगवस्त्र, साहित्य और उपयोगी उपहार भेंटकर किया सम्मानित

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा श्मशालश् के नेतृत्व में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर शोहरतगढ़ विधानसभा के बढ़नी नगर पंचायत में लोकतंत्र रक्षक सेनानी मो0 इब्राहिम बाबा को अंगवस्त्र, साहित्य और उपयोगी उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि सत्तर के दौर में जय प्रकाश नारायण के आह्वान पर सिद्धार्थनगर से अनेक सामाजिक और राजनैतिक कार्यकर्ताओं ने लोकतन्त्र बचाने के लिए संघर्ष करते हुए जेल गये। बढ़नी निवासी मो0 इब्राहिम बाबा 5 जून 1974 को बिहार में पटना के गांधी मैदान पर जेपी की उपस्थिति में छात्रों/नौजवानों के विशाल सम्मेलन में शामिल हुए थे। उस दौरान सिद्धार्थनगर में लोकतन्त्र के लिए संघर्ष करते हुए सिद्धार्थनगर मुख्यालय से गिरफ्तार होकर बाराबंकी जेल में बन्द रहें। उनके साथ जेल बंदी पूर्व सांसद मोहन सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री बेनी प्रसाद पाण्डेय, नेता विरोधी दल रहे राम गोविन्द चौधरी सहित अन्य समाजवादी धारा के कई नेता थे। मो0 इब्राहिम बाबा का जीवन संघर्ष नौजवानों के लिए प्रेरणादायक है कि किस प्रकार नागरिक अधिकारों एवं लोकतन्त्र की रक्षा के लिए पूरा जीवन समर्पित कर दिया जाता है। इस अवसर पर मो0 इब्राहिम बाबा ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण से जुड़े संस्मरण साझा किये। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव मो0 जावेद, वरिष्ठ सभासद निजाम अहमद, मसूद आलम, राष्ट्रीय सचिव अजय चौरसिया, सर्वेश मिश्रा सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहें।




