अज्ञात वाहन की टक्कर से अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल, बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर

श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती में सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना गिलौला क्षेत्र के ग्राम एकघरवा निवासी अधिवक्ता शिव नारायण पाठक (58 वर्ष), पुत्र बदलूराम पाठक सोमवार की शाम तहसील इकौना से अपने कार्य निपटाकर घर लौट रहे थे। जब वे थाना इकौना क्षेत्र के ग्राम परसौरा स्थित बौद्ध परिपथ राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर बरम बाबा स्थान के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अधिवक्ता शिव नारायण पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें सीएचसी गिलौला पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बहराइच मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बौद्ध परिपथ मार्ग पर दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गति नियंत्रण व उचित प्रकाश व्यवस्था की जाए।




