श्रावस्ती में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा भव्य ज्योति कलश यात्रा का आयोजन

श्रावस्ती। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वावधान में परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को नगर कटरा में भव्य ज्योति कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस पावन यात्रा में नगर की सैकड़ों माताओं, बहनों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गायत्री मंत्रों की गूंज और भक्ति संगीत के मधुर स्वरों से पूरा नगर धर्ममय वातावरण में सराबोर हो उठा। यात्रा का शुभारंभ राम जानकी मंदिर, बड़की कुट्टी से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया। मंच संचालकों ने बताया कि माता भगवती देवी शर्मा जी ने अपने जीवन में महिला सशक्तिकरण, समाज सुधार और आध्यात्मिक जागरण के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया। उनके जन्म शताब्दी वर्ष पर आयोजित यह यात्रा नैतिक जागरण, संस्कार निर्माण और नारी सम्मान का संदेश देती है। इस अवसर पर गायत्री परिवार इकौना शक्तिपीठ के कार्यकर्ताओं किशोरी गुप्ता, सत्यवर्धन गोयल, राधेश्याम कसौधन, राम सुरेश सोनी, राम अक्षय बार, विजय गोयल, पुजारी सुरेश तिवारी, शिवकुमार पाठक, मुकेश कुमार विश्वकर्मा, जानकी प्रसाद वर्मा सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




