राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कठेला में किया पथ संचलन, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम जायसवाल भी हुए सम्मिलित

कठेला/सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विधानसभा शोहरतगढ़ के कठेला चौराहे पर रविवार को संघ स्थापना के शताब्दी वर्ष पर पथ संचलन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कठेला में पथ संचलन में वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम जायसवाल भी सम्मिलित हुए। यह पथ संचलन कठेला से कठेला कोठी तक निकला था। स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े सामाजिक व सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष की कोटिशः स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी। श्याम जायसवाल ने कहा कि व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के इस संकल्प को लेकर 100 साल तक माँ भारती की सेवा का लक्ष्य लेकर असंख्य स्वयंसेवकों ने मातृभूमि के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। श्याम ने बताया कि विजयदशमी का उत्सव बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। विजयदशमी के दिन 1925 को नागपुर में संघ की स्थापना हुई थी, संघ की स्थापना को सौ वर्ष पूरे हो चुके हैं। आरएसएस के शताब्दी वर्ष में कदम रखने के कारण यह वर्ष काफी महत्वपूर्ण है। इसलिए हमें अत्यधिक उत्साह व सक्रियता से देशहित व हिन्दू हित के कार्य में लगना चाहिए। हमें देश विरोधी ताकतों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रत्येक स्वयंसेवक को संघ के राष्ट्र धर्म प्रथम सिद्धान्त का अनुसरण करना चाहिए। समाज हित में संगठन की शक्ति का संचयन करते हुए सामाजिक समरसता एवम विनम्रता का विशेष ध्यान रखना होगा। उन्होंने बताया कि भगवान श्री राम की तरह हमें भी अपने जीवन में आदर्श चरित्र एवं अच्छा आचरण करते हुए समाज को संगठित करते हुए बुराई पर अच्छाई की विजय प्राप्त करनी है। उन्होंने संघ द्वारा अपनाए गए पंच परिवर्तन में स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण, सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन की योजना के बारें में स्वयंसेवकों को बताया। इस दौरान कठेला के संघचालक सहित सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे।




