महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी रवि गिरि महाराज का श्रावस्ती आगमन

श्रावस्ती। जमुनहा क्षेत्र के प्रसिद्ध जगपति धाम मंदिर में रविवार को महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी रवि गिरि महाराज का आगमन हुआ। उनके साथ बहराइच के सिद्धनाथ मंदिर के मठाधीश भी मौजूद रहे। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। आगमन के उपरांत महामंडलेश्वर ने अपनी शिष्या रीता गिरि को आशीर्वाद प्रदान किया तथा मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस अवसर पर बहराइच के पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी एवं मल्हीपुर थाना अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मंदिर परिसर में जलपान किया और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। महामंडलेश्वर ने कुछ समय मंदिर परिसर में रुककर जगपति धाम मंदिर के दर्शन किए और उपस्थित भक्तों को आशीर्वाद दिया। तत्पश्चात वे बहराइच जनपद के लिए रवाना हो गए। स्थानीय लोगों ने उनके आगमन को सौभाग्यपूर्ण बताया और कहा कि महामंडलेश्वर का आशीर्वाद क्षेत्रवासियों के लिए मंगलकारी रहेगा।




