सिद्धार्थनगर : संदिग्ध परिस्थितियों में मिला विवाहिता का शव, भाई ने हत्या की आशंका जतायीं, पति फरार

इटवा/सिद्धार्थनगर। जिले के थाना क्षेत्र इटवा के पकड़ी शुक्ल गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के भीतर मिला। मृतका की पहचान 28 वर्षीय राधिका गौतम पत्नी कृष्णा गौतम के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए आशंका जताई है। मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे मृतका के भाई दीपक गौतम को राधिका की मौत की सूचना दी गई। जब वह बहन के ससुराल पहुंचे, तो राधिका का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था और पास ही छत की कुंडी से आधा फंदा लटक रहा था। दीपक के मुताबिक मौके पर कोई यह बताने को तैयार नहीं था कि शव को फंदे से किसने उतारा। वहीं मृतका का पति कृष्णा गौतम घटना स्थल से गायब था। दीपक गौतम ने पुलिस को शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि यह आत्महत्या है, तो शव को नीचे किसने उतारा, यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा है। दीपक ने इसे हत्या का मामला बताया। मृतका राधिका गौतम का मायका इटवा थाना क्षेत्र के कपिया नकटी में है। लगभग आठ साल पहले उनकी शादी कृष्णा गौतम से हुई थी। राधिका के दो बच्चे हैं, जिनमें एक 7 बर्षीय पुत्री और एक 2 बर्षीय पुत्र शामिल है। घटना के समय दोनों बच्चे घर पर मौजूद थे, लेकिन उन्हें अपनी मां की मौत के बारे में कोई जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही इटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो पायेगा।




