शिक्षक निर्वाचक नामावली के मतदाता पुनरीक्षण का कार्य प्रारम्भ
06 नवम्बर तक चलेगा पुनरीक्षण कार्य- सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी

बलरामपुर। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया है कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मण्डलायुक्त गोरखपुर/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा शिक्षक निर्वाचक क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियां तैयार करने के सम्बन्ध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण, नियम 1960 के नियम 31(3) के अन्तर्गत नोटिस जारी कर दी गई है तथा 30 सितम्बर 2025 से शिक्षक निर्वाचक नामावली के मतदाता पुनरीक्षण का कार्य प्रारम्भ हो गया है। उन्होंने बताया कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में रजिस्ट्रीकृत होने के पात्र प्रत्येक व्यक्ति नामावली में अपना नाम शामिल कराने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण, नियम 1960 के फार्म-19 को आगामी 06 नवम्बर 2025 तक भरकर अपने-अपने तहसील मुख्यालय, अपने सम्बन्धित विकासखण्ड कार्यालय तथा एमपीपी इंटर कालेज बलरामपुर एवं स्वतंत्र भारत इन्टर कालेज तुलसीपुर में जमा कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जनपद में शिक्षक निर्वाचन हेतु कुल 10 मतदेय स्थल निर्धारित हैं। निर्वाचक नामावली में अपना नाम शामिल कराने के लिए फार्म-19 भरकर अपने मतदान केन्द्र पर उपरोक्त तिथियों तक जमा कर सकते हैं।




