मिलकर लड़ेंगे पीडीए की लड़ाई: चौधरी अमर सिंह, पूर्व विधायक
सपा में शामिल होने के बाद पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह का जनपद के विभिन्न स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। बीते 25 सितंबर को समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद सोमवार को जनपद में अपने दल बल के साथ पहुँचे पूर्व विधायक व वरिष्ठ नेता चौधरी अमर सिंह का ढेबरुआ, सिसवा चौराहा, बानगंगा, शोहरतगढ़, चिल्हिया, कपिया चौराहा, धेनसा चौराहा, सनई चौराहा आदि स्थानों पर ज़ोरदार स्वागत किया गया। शोहरतगढ़ कस्बे में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नारों की गूंज के बीच पूरा माहौल समाजवादी रंग में रंग गया। सुबह से ही कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला, जैसे ही चौधरी अमर सिंह का काफिला शोहरतगढ़ पहुंचा, लोग स्वागत में उमड़ पड़े। मुख्य मार्गों पर स्वागत द्वार सजाए गए थे और कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर पार्टी में उनके आगमन को ऐतिहासिक बताया। पीडीए एवं सपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2012 से 2017 के कार्यकाल में किसानों, नौजवानों, विद्यार्थियों व व्यापारियों के लिए जो कर दिखाया है यह किसी से बताने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अभी कहा की चौपाल के माध्यम से आने वाले समय में पीडीए के लोगों को बताएंगे कि आखिर में समाजवादी पार्टी की मंशा क्या है और किन उद्देश्यों को लेकर हम मुखर होने वाले हैं। साथ ही उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मैंने अपने विधायकी कार्यकाल के दौरान हमेशा अपने ही सरकार में लोगों के हक की लड़ाई के लिए लड़ा है। उन्होंने यूरिया खाद की किल्लत समेत विभिन्न बिंदुओं पर अपनी बात रखी, तो वहीं कार्यक्रम में संबोधित करते हुए स्थानीय नेताओं ने कहा कि चौधरी अमर सिंह के सपा में आने से जिले में पार्टी और मजबूत होगी। कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और आने वाले चुनावों में इसका सीधा लाभ समाजवादी पार्टी को मिलेगा। इस दौरान प्रमुख रूप से पूर्व प्रधान शिवशंकर चौधरी, झब्लू बाबा, अवनीन्द्र चौधरी, यार मोहम्मद, जमील डॉन सहित हजारों लोग मौजूद रहे।




