पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का किया गया आयोजन

बलरामपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भांभर रेंज बीरपुर सेमरा में वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजन किया गया। इस अवसर पर फलदार वृक्षों को लगाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से जोड़ना और हरित प्रदेश की दिशा में सार्थक पहल करना था। इस अवसर पर वन क्षेत्रीय अधिकारी योगेश कुमार ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे। योगेश कुमार ने ग्रामीणों को पौधों की सुरक्षा और उनके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में वन विभाग के अन्य कर्मियों ने भी सहयोग किया। स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया। इसमें प्रमुख रूप से ग्राम प्रधान प्रेमलाल यादव इमलिया कोंडर युवा समाजसेवी मसरूर आलम खान, प्रधान प्रतिनिधि ललाऊ बीरपुर एवं अन्य ग्रामीण शामिल रहे। सभी ने एक स्वर से पर्यावरण को बचाने और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी है। पौधे जब तक बड़े पेड़ न बन जाएं तब तक उनकी देखरेख करना आवश्यक है। ग्रामीणों ने वचन दिया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा की जाएगी और उन्हें फलने-फूलने तक संरक्षित रखा जाएगा। वृक्षारोपण के इस आयोजन न केवल ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया बल्कि समाज में हरियाली और स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन करते हुए उनके विचारों को याद किया और समाज हित में कार्य करने का संकल्प लिया।




