गोरखपुर        महराजगंज        देवरिया        कुशीनगर        बस्ती        सिद्धार्थनगर        संतकबीरनगर       
उत्तर प्रदेशबहराइच

सेमगढ़ा चौराहा बना हादसों का हॉटस्पॉट, ग्रामीणों में आक्रोश

बहराइच। जनपद के बौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमगढ़ा चौराहा इन दिनों सड़क हादसों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं प्रशासनिक लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी गहराता जा रहा है।
ग्राम पंचायत अमवा तेतारपुर निवासी समाजसेवी मेराज अहमद ने इस गंभीर समस्या को उठाते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र सौंपकर चौराहे पर ठोस सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
मेराज अहमद के अनुसार, सड़क के नए निर्माण के बाद इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सेमगढ़ा चौराहा बौंडी से कुण्डासर और फखरपुर से जैतपुर बाजार को जोड़ने वाला प्रमुख जंक्शन है, जिसके चलते यहां यातायात का दबाव लगातार बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक इस चौराहे पर तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों में शुभम मिश्रा, शाहिद अहमद, मुजीम शाह, पंकज जायसवाल समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चौराहे पर तत्काल पुलिस चौकी स्थापित की जाए। साथ ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और सड़क के बीच डिवाइडर का निर्माण कराया जाए, ताकि अनियंत्रित वाहनों पर लगाम लगाई जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
वहीं, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इस चौराहे को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाता है।

ब्यूरो दैनिक बुद्ध का सन्देश

ब्यूरो चीफ बहराइच दैनिक बुद्ध का संदेश समाचार पत्र

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!