साइबर अपराध व मिशन शक्ति जागरुकता कार्यक्रम का किया आयोजन

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड बढ़नी के तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं0 बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इन्टर कालेज में बुधवार को साइबर अपराध व मिशन शक्ति जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ढेबरुआ थाने के एसआई जय प्रकाश व कांस्टेबल मोहित कुमार पुण्डीर ने साइबर सुरक्षा के बारें में बताया। उन्होंने छात्रों को फिशिंग, हैकिंग, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी आईडी, साइबर बुलिंग से बचने के उपाय भी बताए। साथ ही विद्यार्थियों को हेल्पलाइन नम्बर 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों के सवालों के भी जवाब दिये। महिला आरक्षी श्रद्धा त्रिपाठी ने मिशन शक्ति के बारें में बताया। उन्होंने बताया कि यदि किसी छात्रा को कोई शोहदा विद्यालय आते-जाते समय परेशान करता है, तो चुप रहने के बजाए उसके खिलाफ शिकायत करें। स्कूल और घर में जानकारी दें, कोई हल न निकले तो पुलिस की मदद लें। अब तो जिले में किसी का हुलिया बताकर उसका स्केच बनवाने की सुविधा उपलब्ध हो गई है। ऐसे में शोहदे या अराजकतत्व की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने में आसानी होगी। प्रधानाचार्य रवि शुक्ल ने बताया कि सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नम्बरों की व्यवस्था की गई है। शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाती है। बालिकाएं अपने पास हेल्पलाइन नम्बर, नजदीकी पुलिस स्टेशन के सीयूजी नम्बर लिखकर रखें। इस दौरान आरक्षी हिमांशु सिंह, बृजेश कुमार व रमेश यादव, शिक्षक धन्नजय पाठक, आशाराम यादव, सीतू गुप्ता, शिवानी तिवारी, रंजना तिवारी, रेखा गुप्ता, जितेन्द्र शुक्ल, प्रदीप मौर्य, मलिक मोहम्मद अकरम, सुनील यादव आदि मौजूद रहे।




