महिलाओं-बच्चियों को किया गया जागरूक

पथरा बाजार। सिद्धार्थनगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद तथा क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना पथरा बाजार पुलिस द्वारा सोमवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिला सशक्तिकरण, एंटी-रोमियो, शक्ति दीदी अभियान एवं साइबर अपराध सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोनकटी, पिपरा रामलाल, अमौना तिवारी एवं नव दुर्गा पूजा समिति पंडाल मंदिर में पहुंचकर महिलाओं और बच्चियों को जागरूक किया। इस दौरान उन्हें महिला अपराध की रोकथाम, एंटी-रोमियो अभियान, साइबर अपराध से सुरक्षा तथा महिला एवं बाल हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी समस्या या आपात स्थिति में वे 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड लाइन), 108 (एम्बुलेंस), 101 (अग्निशमन), 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) पर तत्काल संपर्क कर सकती हैं। जागरूकता अभियान में उपनिरीक्षक मलखा प्रसाद, उपनिरीक्षक उदयनाथ मिश्र, कांस्टेबल जगदंबिका प्रसाद, महिला कांस्टेबल सोनी यादव एवं ममता मिश्रा शामिल रहे।



