दिव्यांगता चिकित्सीय मूल्यांकन शिविर का हुआ आयोजन, 84 दिव्यांगजनों को मिला प्रमाण पत्र

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। तहसील सभागार में रविवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर दिव्यांगजन के लिए बड़ा चिकित्सीय मूल्यांकन शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर. के आदेश पर जिला दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग एवं डीडीआरसी सिद्धार्थनगर के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर संपन्न हुआ। शिविर में सैकड़ों की संख्या में दिव्यांगजन पंजीकरण कराने पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच और मूल्यांकन के बाद कुल 84 दिव्यांगजन को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। आर्थाेपैडिक विशेषज्ञ डा. विमल कुमार द्विवेदी ने 51 अस्ति दिव्यांगजन को प्रमाणित किया। कान रोग विशेषज्ञ डा. संजय शमी ने 11 दिव्यांगजन, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. समीम अहमद ने 11 दिव्यांगजन, जबकि मानसिक रोग विशेषज्ञ डा. अफजल अंसारी ने 11 दिव्यांगजन का परीक्षण कर प्रमाणपत्र जारी किया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजन को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उन्हें सशक्त बनाना था। प्रमाणपत्र मिलने से लाभार्थी अब पेंशन योजना, दिव्यांगजन छात्रवृत्ति, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी तथा अन्य सहायक उपकरण प्राप्त करने के पात्र हो जाएंगे। शिविर के दौरान उपस्थित दिव्यांगजन और उनके परिजनों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें राहत मिलती है और भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन होना चाहिए। इस दौरान राजेश कुमार मिश्र, जे.पी. शुक्ला, खुर्शीद आलम, रोहित कुमार चौधरी, बीरेन्द्र कुमार, सियाराम, मो. अकमल, अब्दुल कादिर हरिपूजन यादव आदि मौजूद रहे।




