सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत भारत भारी नगर पंचायत में स्वच्छता पर बैठक

डुमरियागंज/सिद्धार्थनगर। सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर) के अंतर्गत मंगलवार को नगर पंचायत भारत भारी कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू में हुई, जिसमें अधिशासी अधिकारी राजन गुप्ता सहित समस्त सभासद मौजूद रहे। बैठक में नगर क्षेत्र में चल रही सफाई व्यवस्था, कचरा निस्तारण, नालियों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियानों पर विस्तार से चर्चा हुई। चेयरमैन चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि हम सभी मिलकर प्रयास करें तो भारत भारी नगर को आदर्श स्वच्छ नगर बनाया जा सकता है। अधिशासी अधिकारी राजन गुप्ता ने कहा कि नगरक्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। सभासदों और जनता के सहयोग से ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान को सफल बनाना हमारी प्राथमिकता है। इस दौरान सभी सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में नियमित सफाई कार्य को और तेज़ करने, जनता को जागरूक करने तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान आकाश पाण्डेय, बलकेश चौधरी, अब्दुल सबूर, नियाज़ अहमद, अली चौधरी, अरविंद मिश्रा आदि मौजूद रहे।




