जमधरा गांव के पास ऑटो चालक पर नकाबपोशों ने किया जानलेवा हमला, लूटकर फरार

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। थाना क्षेत्र ढेबरूआ के जमधरा गांव के पास ऑटो चालक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें ऑटो चालक गम्भीर रूप से घायल हो गया। आपको बता दें कि ग्राम पंचायत ढेकहरी बुजुर्ग निवासी दुर्गेश यादव पर पांच बदमाशों ने लूट के विरोध करने पर चाकू से हमला कर 3,100/- रुपये लूटकर रफूचक्कर हो गये। उक्त घटना शुक्रवार रात 7:35 बजे की है। वहीं बदमाश अन्धेरे का फायदा उठाकर धान के खेतों में फरार हो गये। घायल ऑटो चालक 25 बर्षीय दुर्गेश यादव पुत्र राम अवतार का इलाज पीएचसी बढ़नी में जारी है। ग्रामीणों की सतर्कता से ऑटो चालक की जान बच गई। बदमाशों ने ऑटो रिक्शा का शीशा भी तोड़ दिया था। ग्रामीणों में लूटपाट की दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस से तुरन्त कार्रवाई की मांग किया है। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष ढेबरूआ नारायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना पर मौके का मुआयना किया गया। अभी तहरीर नहीं मिली है। गश्त तेज की गई है, मैं खुद रात भर गश्त की निगरानी कर रहा हूं। अपराधियों को जल्द पकड़ा जायेगा।




