पशु अस्पताल बनने का रास्ता साफ, अजान में बनेगा पशु अस्पताल

लोटन/सिद्धार्थनगर। लोटन ब्लाक मुख्यालय की स्थापना के करीब 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी क्षेत्र के लोगों को पशुओं के इलाज के लिए 15 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर सोहास जाना पड़ता था, जिससे पशुपालकों को काफी दिक्कतें होती थी। क्षेत्र के लोगों ने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग किया, लेकिन सभी लोग जमीन न मिलने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लेते थे। जिससे पशु अस्पताल का निर्माण आज तक नहीं हो पाया। प्रभारी खंड विकास अधिकारी आयुष अग्रवाल को पता चला की अजान गांव में पशु चिकित्सालय के नाम से अभिलेख में भूमि दर्ज है और खाली पड़ी हुई है। बीडीओ की पहल पर विभाग हरकत में आया। बुधवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.गनेश प्रसाद, पशुचिकित्साधिकारी सोहास राजकमल यादव की टीम भूमि का सत्यापन किया। जिलाधिकारी डा. राजा गणपति आर ने पशुधन अनुभाग के सचिव को पत्र भेजकर पशु चिकित्सालय बनवाने के लिए घन आवंटन की मांग की है।इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.गनेश प्रसाद ने बताया कि डीएम साहब द्वारा सचिव पशुधन विभाग को पत्र लिखा गया है।बजट मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।




