डर की लहर: इटवा तहसील में कानूनगो रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार

इटवा/सिद्धार्थनगर। जिले के इटवा तहसील में एंटी करप्शन टीम बस्ती ने मंगलवार शाम को कानूनगो भोलानाथ चौधरी को ₹20 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। कानूनगो ने पकड़ी शुक्ल गांव के किसान धनीराज प्रजापति से खेत का नक्शा तरमीम करने के लिए ₹50 हजार की मांग की थी। धनीराज पहले ही 5 हजार रुपये दे चुके थे। लगातार शेष रकम की मांग से परेशान होकर उन्होंने एंटी करप्शन टीम में शिकायत दर्ज कराई। टीम ने शाम 6 बजे तहसील गेट पर ट्रैप लगाया। धनीराज से 20 हजार रुपये लेते ही कानूनगो को एंटी करप्शन टीम ने धर दबोचा। इटवा तहसील में यह भ्रष्टाचार का पहला मामला नहीं है। 27 जून को भी एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो सुनील श्रीवास्तव को रिश्वत लेते पकड़ा था। तहसील में नक्शा, नामान्तरण और पैमाइश जैसे राजस्व कार्यों के लिए खुलेआम वसूली की जाती है। आम नागरिक और किसान मजबूरी में इस व्यवस्था का शिकार होते हैं। वहीं गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी कानूनगो को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।




