डीएम-एसपी की अध्यक्षता में हुआ तहसील समाधान दिवस का आयोजन

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर। शनिवार को शोहरतगढ़ तहसील सभागार में जिलाधिकारी डा. राजागपति आर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा अभिषेक महाजन की उपस्थिति में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया।आयोजित सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के दौरान राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति एवं अन्य विभागों के शिकायतों की सुनवाई जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर, उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ विवेकानन्द मिश्रा तथा पुलिस विभाग से सम्बंधित शिकायतों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक डा0 अभिषेक महाजन द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने तहसील समाधान दिवस में पिछले समाधान दिवसमें प्राप्त शिकायतों के आख्या का अवलोकन किया गया। अवलोकन के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा तत्काल जिला स्तरीय टीम बनाकर मौके का जांच कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भूमि से संबधित विवाद मौके पर जाकर निरीक्षण कर निस्तारण कराये। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस शोहरतगढ़ में उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि तहसील समाधान दिवस में प्राप्त हो रही शिकायतों एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समय से एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। इसके साथ ही शिकायतकर्ता एवं विपक्षी दोनों के समक्ष जांच कर कार्यवाही किया जाये। जिलाधिकारी ने कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश दिया कि भूमि संपत्ति रजिस्टर एवं भूमि विवाद रजिस्टर अवश्य बना ले। किसी भी विभाग का तहसील दिवस का कोई भी प्रकरण लम्बित नही होना चाहिए यदि किसी भी विभाग का प्रकरण लम्बित पाया जायेगा तो सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। लेखपाल एवं कानूनगो मौके पर जाकर शिकायत के निस्तारण से पूर्व निरीक्षण कर उसके बाद की आख्या लगायेगे इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नही होनी चाहिए। सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस के आयोजन के अवसर पर कुल 49 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए जिसमें राजस्व-34, पुलिस विभाग से सम्बन्धित-02, विकास-02, लोक निर्माण विभाग-01, पूर्ति-04, अन्य-06 प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत हुए। राजस्व के 07 प्रार्थना-पत्रों का मौके पर निस्तारण करा दिया गया। तहसील दिवस में प्राप्त शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को तीन दिवस के अन्दर शत-प्रतिशत निस्तारण की कार्यवाही सम्बन्धित विभाग के अधिकारी को सुनिश्चित करने हेतु निर्धारित किया गया। विदित हो शासन के मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के प्रथम एवं तीसरे शनिवार को सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 रजत कुमार चौरसिया, पी0डी0 नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, डीएसओ देवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, तहसीलदार अजय कुमार, तहसील शोहरतगढ़ क्षेत्र के अन्तर्गत समस्त थानाध्यक्ष, खण्ड विकास अधिकारी एवं अधिशासी आदि मौजूद रहे।
भड़काऊ नारे को लेकर डीएम से मिले बढ़नी चेयरमैन-
सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस पर बढ़नी चेयरमैन सुनील अग्रहरी ने बारावफ़ात के दिन दिए भड़काऊ नारे को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना सौप कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि बीते दिनों बढ़नी नगर पंचायत में निकल गए बारावफात जुलूस के दौरान अराजकतत्वों द्वारा गुस्ताख-ए नबी की एक सजा, सर तन से जुदा, सर तन से जुदा… जैसे आपत्तिजनक भड़काऊ नारे लगाकर माहौल को बिगड़ने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि योगी एवं मोदी ज़ी की सरकार में आखिर जिसने यह नारा लगाया है वह किसका कर तन से जुदा करना चाहते हैं। इसको स्पष्ट करना चाहिए।साथ ही यह भी लिखा कि उक्त की वीडियोग्राफी सोशल मीडिया पर वायरल है।
बार एसोसिएशन शोहरतगढ़ ने डीएम के समक्ष रखे 13 बिंदुओं का प्रस्ताव
शोहरतगढ़ बार एसोसिएशन ने 13 बिंदुओं का प्रस्ताव रख उसे पर कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने लिखा कि शोहरतगढ़ तहसील में व्यापक पैमाने पर लूट खसोट व भ्रष्टाचार होने, नियम और कानून के विरुद्ध आदेश करने, न्याय प्रक्रिया के विरुद्ध कार्य करने, अधीनस्तों के भ्रष्टाचार पर कोई नियंत्रण न होने के प्रति कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने 13 बिन्दुओ के प्रस्ताव में जनपद के ईमानदार और न्याय प्रिय जिलाधिकारी की छवि भी धूमिल करने की बात लिखी है।




