सिसवा से गोरखपुर तक शुरू हुई पहली सरकारी बस सेवा, मिली नई सौगात

इटवा/सिद्धार्थनगर। इटवा में ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों के लिए नई बस सेवा शुरू की गई है। बापी उपवन सिसवा बुजुर्ग से गोरखपुर तक चलने वाली इस बस सेवा का शुभारम्भ पूर्व प्रधानाचार्य रामलखन शुक्ल ने पूजन और हरी झण्डी दिखाकर किया। इस दौरान अधिकारियों व समाजसेवियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वी के गंगवार ने बताया कि यह सेवा सुबह 7 बजे सिसवा बुजुर्ग बापी उपवन से शुरू होगी। बस इटवा, बांसी और सिद्धार्थनगर होते हुए गोरखपुर तक जायेगी। वापसी में यह इसी मार्ग से सिसवा बुजुर्ग लौटेगी, जहां इसका रात्रि विश्राम होगा। इस पहल के पीछे युवा समाजसेवी पंकज शुक्ला का विशेष योगदान रहा। वे लम्बे समय से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा के लिए प्रयासरत थे। यह बस सेवा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए शहर तक आसानी से पहुंचने में मदद करेगी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष आदित्य कुमार शुक्ल, डीपो इंचार्ज राहुल कुमार, पंकज शुक्ला, इं0 प्राणेश शुक्ला, हरि यादव, राहुल अग्रहरी, त्रियुगी नारायण शुक्ला, डॉ0 अमितेश शुक्ला, धीरज शुक्ला, गया प्रसाद शुक्ला, भास्कर शुक्ला, मुस्लिम, मदन यादव, बबलू प्रधान, रामकुमार यादव, आलोक शुक्ला आदि मौजूद रहे।



